सीएम धामी आंदोलनरत युवाओं के बीच पहुंचे, परीक्षा प्रकरण की सीबीआई जांच की संस्तुति
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की हालिया परीक्षा प्रकरण को लेकर युवाओं के आंदोलन के बीच सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी परेड ग्राउंड धरना स्थल पर पहुंचे। युवाओं से संवाद करते हुए सीएम ने कहा कि सरकार पारदर्शिता पर किसी तरह का समझौता नहीं करेगी और इस मामले की सीबीआई जांच की संस्तुति कर दी जाएगी।
सीएम धामी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार नहीं चाहती कि किसी भी युवा के मन में संदेह या शंका बनी रहे। उन्होंने कहा कि भले ही जांच हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में एसआईटी द्वारा की जा रही है, लेकिन युवाओं की मांग को देखते हुए अब सीबीआई जांच होगी और इसमें कोई रुकावट नहीं आने दी जाएगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वो चाहते तो बातचीत कार्यालय में कर सकते थे, लेकिन युवाओं के कष्ट को देखते हुए उन्होंने खुद धरना स्थल पर पहुंचकर उनका पक्ष सुना। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवा पढ़ाई के बाद सरकारी नौकरी की तैयारी करते हैं और सरकार का संकल्प है कि उनकी मेहनत और सपनों के साथ किसी तरह का अन्याय न हो।
धामी ने बताया कि पिछले चार साल में सरकार ने पारदर्शी तरीके से 25 हजार से अधिक भर्तियां की हैं, जिन पर कोई सवाल नहीं उठा, सिर्फ एक ही परीक्षा को लेकर शिकायत सामने आई है। इसलिए युवाओं की शंकाओं को दूर करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि आंदोलन के दौरान युवाओं पर दर्ज हुए मुकदमे वापस लिए जाएंगे। सीएम ने कहा कि अमृतकाल में विकसित भारत के साथ उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में युवाओं की सबसे अहम भूमिका होगी।
