रुद्रपुर, 18 नवम्बर। सांसद अजय भट्ट ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दिशा की बैठक की मॉनिटरिंग स्वयं प्रधानमंत्री करते हैं, इसलिए सभी विभाग समयबद्ध व गंभीरता से कार्य पूर्ण करें। बैठक में ब्रिडकुल परियोजना प्रबंधक की अनुपस्थिति पर सांसद ने नाराज़गी जताते हुए सीडीओ को स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन एवं पेयजल कार्य
सांसद ने सड़कें खोदकर अधूरे छोड़ने पर नाराज़गी जताते हुए उन्हें प्राथमिकता से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। गदरपुर के बुक्सौरा क्षेत्र में लीकेज टंकी की मरम्मत और कौशल्यापुरी पेयजल योजना की डीपीआर को जल्द क्रियान्वित करने को कहा। पेयजल विभाग ने बताया कि कौशल्यापुरी सहित सात निकायों की डीपीआर स्वीकृत हो चुकी है।
ईएसआईसी अस्पताल में विशेषज्ञों की कमी
ईएसआईसी अस्पताल की समीक्षा में सांसद भट्ट ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी पर चिंता जताई। अस्पताल में 24 विशेषज्ञों के पदों के मुकाबले केवल 3 विशेषज्ञ तैनात हैं। उन्होंने मरीजों को जरूरत पड़ने पर अन्य अस्पतालों में रेफर करने और डॉक्टरों व उपकरणों की जरूरी मांग भारत सरकार को भेजने के निर्देश दिए।
केन्द्रीय विद्यालय व रुद्रपुर बाईपास
रुद्रपुर में स्वीकृत केंद्रीय विद्यालय के संचालन के लिए चिन्हित पुराने छात्रावास की मरम्मत पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि 2026–27 सत्र से विद्यालय शुरू करने की तैयारी है।
सांसद ने रुद्रपुर बाईपास के गुणवत्तापूर्ण निर्माण की प्रशंसा की और बाजपुर, IGL और गदरपुर में सर्विस लेन चौड़ीकरण के निर्देश दिए।
विद्युत, सड़कों व गैस पाइपलाइन कार्य
सांसद ने ट्रांजिट कैंप, शाक्तिगढ़, काशीपुर आदि क्षेत्रों में पुराने व टूटे विद्युत पोल बदलने तथा झूलती तारों को ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने गैस कनेक्शन की प्रगति रिपोर्ट भी ली।
सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। डीएम ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
खेल, सिंचाई व फोरेन्सिक यूनिवर्सिटी
काशीपुर स्टेडियम के पुनर्निर्माण के लिए डीपीआर जल्द भेजने और खिलाड़ियों को बॉक्सिंग, कराटे व ताइक्वांडो किट उपलब्ध कराने को कहा गया।
लेवड़ा नदी में बाढ़ नियंत्रण कार्यों के लिए 21 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
किच्छा में फोरेन्सिक विश्वविद्यालय के भवन हेतु भूमि चिन्हित कर ली गई है।
गौशालाएँ, ड्रेनेज व आवास
जनपद में 6 गौशालाओं की डीपीआर शासन को भेज दी गई है तथा नगर निगम रुद्रपुर में निर्माण कार्य जारी है।
रुद्रपुर, काशीपुर, खटीमा, सितारगंज के ड्रेनेज प्लान भी शासन को भेजे जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास के 10998 लक्ष्य का शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है।
बैठक में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
