कड़ाके की ठंड में भी सक्रिय रहे मेयर विकास शर्मा
अलाव व्यवस्था का स्वयं निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश
रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा ने एक बार फिर यह साबित किया कि वे सिर्फ कार्यालय तक सीमित रहने वाले नेता नहीं, बल्कि ज़मीनी स्तर पर काम करने वाले जनप्रतिनिधि हैं। कड़ाके की ठंड के बीच मेयर विकास शर्मा बुधवार सुबह स्वयं शहर में निकले और नगर निगम द्वारा संचालित अलाव व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।
सुबह के समय ही घर से निकलकर मेयर विकास शर्मा शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और जरूरतमंद क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने मौके पर अलाव की स्थिति देखी और यह सुनिश्चित किया कि ठंड से बचाव के लिए किए गए इंतजाम प्रभावी रूप से लागू हों।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठंड के मौसम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और गरीब वर्ग को ठंड से राहत पहुंचाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मेयर विकास शर्मा की सक्रियता और लगातार फील्ड में मौजूदगी से यह स्पष्ट होता है कि वे जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हैं और समाधान के लिए स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लेते हैं।
