शिवरात्रि तक मीट बिक्री पर रोक के बावजूद खुली रहीं दुकानें, नगर निगम की ताबड़तोड़ छापेमारी में बिरयानी के पतीले-भगोने तक जब्त
रुद्रपुर। नगर निगम द्वारा 11 फरवरी से 15 फरवरी महाशिवरात्रि तक मीट, बिरयानी और संबंधित खाद्य सामग्री की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध के आदेश जारी किए गए थे। जिंदे गांव सहित पूरे शहर में कच्चा और पका मीट बेचने पर पाबंदी लगाई गई थी, लेकिन आदेशों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों पर निगम की टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी की सूचना मिलते ही शहर में करीब दो घंटे तक हड़कंप मचा रहा और कई दुकानदार बड़े-बड़े पतीले छुपाते नजर आए। कुछ दुकानों पर तैयार बिरयानी और मीट पकता मिला, जिसे कपड़ों और स्वेटर से ढंककर छिपाने की कोशिश की गई, लेकिन निगम टीम ने स्वेटर हटाकर भगोनों की जांच की तो अंदर बिरयानी और मीट पाया गया जिसके बाद मौके पर ही पतीले और भगोने सहित सामग्री जब्त कर ली गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आस्था और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किए गए थे और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद शहर में साफ संदेश गया है कि आदेशों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
