रुद्रपुर में नाले में मिला अज्ञात शव, इलाके में सनसनी

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर में नाले में मिला अज्ञात शव, इलाके में सनसनी

 

रुद्रपुर काशीपुर मार्ग स्थित रेलवे मालगोदाम रोड पर मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने एक नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

 

जानकारी के मुताबिक सुबह जब लोग रेलवे मालगोदाम मार्ग से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर नाले के भीतर पड़े एक शव पर पड़ी। शव की सूचना तेजी से पूरे क्षेत्र में फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकाला।

पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि वह कई दिन पुराना है। कीचड़ में सना हुआ शव काफी हद तक गल चुका था और उससे दुर्गंध भी आ रही थी, जिससे प्रतीत होता है कि वह लंबे समय से पानी में पड़ा हुआ था।

पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों और अन्य जनपदों में सूचना प्रसारित कर दी है, ताकि गुमशुदगी के मामलों से मृतक की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है कि मामला दुर्घटना का है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *