रुद्रपुर-नैनीताल हाईवे पर रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत, एक गंभीर घायल
रुद्रपुर। नैनीताल-दिल्ली हाईवे पर आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी से रामपुर की ओर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को उत्तराखंड परिवहन निगम की बस संख्या UK07 PA 3042 ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ट्रैक्टर पर सवार इरशाद पुत्र सकूल नवी, निवासी असीमपुर थाना रामपुर, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं, बस की हालत खराब होने के चलते यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से हरिद्वार के लिए रवाना किया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार या लापरवाही मानी जा रही है।
