पत्रकार उत्पीड़न के विरोध में कुमाऊं युवा प्रेस क्लब का ज्ञापन, CM से हस्तक्षेप की मांग
रुद्रपुर। जनपद में पत्रकारों के साथ कथित उत्पीड़न, पुलिसिया बर्बरता और प्रतिशोध की भावना से दर्ज किए जा रहे मुकदमों के विरोध में कुमाऊं युवा प्रेस क्लब ने आवाज बुलंद की है। क्लब के अध्यक्ष सौरभ गंगवार के नेतृत्व में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम पंकज उपाध्याय के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है, जिससे मीडियाकर्मियों में असुरक्षा और रोष का माहौल है। क्लब ने बाजपुर, काशीपुर और रुद्रपुर से जुड़े तीन गंभीर मामलों में उच्च स्तरीय हस्तक्षेप की मांग की है।
बाजपुर प्रकरण
प्रतिनिधिमंडल ने बाजपुर के पत्रकार विमल भारती के मामले को प्रमुखता से उठाया। आरोप लगाया गया कि भ्रष्टाचार संबंधी खबरें उजागर करने के बाद 13 नवंबर 2025 को पुलिस ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की और हिरासत में लेकर कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किया। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग द्वारा नोटिस जारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
काशीपुर प्रकरण
काशीपुर के पत्रकार हिमांशु ठाकुर पर दर्ज मुकदमे को प्रेस क्लब ने आधारहीन बताया। क्लब का कहना है कि साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच किए बिना ही मुकदमा दर्ज किया गया, जो स्वतंत्र पत्रकारिता पर दबाव बनाने जैसा है।
रुद्रपुर प्रकरण
रुद्रपुर के वरिष्ठ पत्रकार रूपेश सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जा रही कथित अभद्र टिप्पणियों पर भी कड़ा एतराज जताया गया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रमुख मांगें
तीनों प्रकरणों की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच।
पत्रकारों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को निरस्त किया जाए।
दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई।
पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश।
अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने कहा कि यदि उत्पीड़न की घटनाएं बंद नहीं हुईं और न्याय नहीं मिला, तो पत्रकार समुदाय आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
इस दौरान केंद्रीय अध्यक्ष हरविंदर सिंह चावला, केंद्रीय महामंत्री ललित राठौर, वरिष्ठ पत्रकार रूपेश सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
