मां के अंतिम संस्कार के बाद तीन सगे भाइयों में खूनी संघर्ष, तवा-बेलन बने हथियार — एक का सिर फूटा, महिला घायल

रुद्रपुर। शहर के जगतपुरा वार्ड नंबर 5 में उस समय हड़कंप मच गया जब तीन सगे भाई आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि घर में रखे तवे और बेलन को ही हथियार बना लिया गया। मारपीट के दौरान एक भाई ने दूसरे भाई का सिर फोड़ दिया। वहीं एक भाई की पत्नी को कमर में बेलन से वार कर दिया, जिससे महिला मौके पर ही जमीन पर गिर गई।घटना की जानकारी मिलते ही पार्षद पति राजेश शर्मा मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। साथ ही 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।मारपीट में एक भाई का सिर फूट गया, जबकि पुलिस ने एक आरोपी भाई को मौके से हिरासत में ले लिया। वहीं एक अन्य भाई पुलिस को आते देख मौके से फरार हो गया।बताया जा रहा है कि तीनों भाइयों की मां का आज ही अंतिम संस्कार हुआ था। श्मशान घाट से लौटने के बाद किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि घर में ही तांडव मच गया। महिलाओं और बच्चों के सामने हुई इस मारपीट से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
