किच्छा में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के ज्येष्ठ निरीक्षक बादल पाण्डे को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक लकड़ी ठेकेदार ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पिछले 5-6 वर्षों से लकड़ी ठेकेदारी का कार्य कर रहा है। उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे थे और उनकी कटाई की अनुमति के लिए उद्यान विभाग में 26 पेड़ों का आवेदन किया था।
विभागीय अधिकारियों द्वारा मौका मुआयना भी किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे द्वारा 16 पेड़ों की कटाई की अनुमति देने के बदले 12,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। बार-बार पैसे की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता के निर्देश पर एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।
गुरुवार, 9 अप्रैल 2026 को टीम ने किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र कार्यालय में योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया। जैसे ही आरोपी निरीक्षक ने शिकायतकर्ता से 12 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान बादल पाण्डे पुत्र बची राम पाण्डे, निवासी शक्ति विहार तल्ली हल्द्वानी के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई पर निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
