ऊधमसिंह नगर में विकास कार्यों को रफ्तार, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने लिया जायजा
ऊधमसिंह नगर में शहरों को बेहतर सुविधाओं और सुनियोजित विकास से जोड़ने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर आवास एवं राज्य सम्पत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज में प्रस्तावित और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
रुद्रपुर में मोदी मैदान के पास प्रस्तावित इंडोर और आउटडोर स्टेडियम की कार्ययोजना और ले-आउट का निरीक्षण कर निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए।
किच्छा के खुर्पिया फार्म में करीब 12.48 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक बस अड्डे का भी निरीक्षण हुआ। सचिव ने निर्माण की गुणवत्ता की सराहना की और इसे क्षेत्रीय आवागमन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
वहीं सितारगंज में करीब 9.75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे पार्क और पार्किंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया गया। यहां 48 वाहनों की पार्किंग, आधुनिक दुकानें, ओपन जिम और किड्स प्ले एरिया जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
सचिव ने अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विकास परियोजनाओं का सीधा लाभ जनता को मिल सके।
