
ऊधम सिंह नगर पुलिस और एसओजी टीम को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने करीब 578 किलो गांजा बरामद करते हुए शातिर तस्कर संजय गुप्ता को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय था और लगातार फरार चल रहा था। वह पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन इस बार पुलिस और एसओजी की टीम ने सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि संजय गुप्ता का नाम पहले भी बड़ी गांजा खेप बरामदगी के मामलों में सामने आ चुका है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कई मुकदमे दर्ज हैं। पूर्व में उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी है।
सूत्रों की मानें तो आरोपी लंबे समय से बड़े स्तर पर नशे का नेटवर्क संचालित कर रहा था और विभिन्न राज्यों में गांजे की सप्लाई करता था। उसकी गिरफ्तारी से इस नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

