ट्रेन की चपेट में आकर अधेड़ की दर्दनाक मौत, मौके पर पहुंची पुलिस व समाजसेवी टीम
रुद्रपुर के वार्ड नंबर 33 सिंह कॉलोनी स्थित गली नंबर 4 के पास आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 50 वर्षीय अज्ञात अधेड़ व्यक्ति की काठगोदाम से दिल्ली जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना सुबह लगभग 10 बजे किलोमीटर संख्या 42/10 के पास हुई। हादसे के तुरंत बाद ट्रेन के गार्ड ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर नीचे उतरकर स्थिति का जायजा लिया, लेकिन तब तक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो चुका था और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही जीआरपी, आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस, समाजसेवी सुशील गाबा और भारत सेवा टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद ट्रेन को रुद्रपुर स्टेशन के लिए रवाना कर दिया।
मौके पर जांच के दौरान मृतक की जेब से डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के चंदे की ₹200 की रसीद मिली, लेकिन कोई पहचान पत्र या मोबाइल फोन नहीं मिलने से शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
भारत सेवा समिति की एंबुलेंस के माध्यम से शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी।
समाजसेवी सुशील गाबा ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक को पैदल पार करने से बचें। उन्होंने बताया कि आजकल इलेक्ट्रिक ट्रेनों की आवाज कम होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है।
इस दौरान जगदीश तनेजा, रविंद्र मलिक, गौरव गांधी, ललित सिंह बिष्ट, मनीष कुमार, हैप्पी रंधावा और सचिन मुंजाल समेत कई लोग मौके पर मौजूद रहे।
ट्रेन की चपेट में आकर अधेड़ की दर्दनाक मौत, मौके पर पहुंची पुलिस व समाजसेवी टीम
