कंबोडिया में भारत का परचम लहराएंगे उत्तराखंड के पांच खिलाड़ी, 6वीं एशियन वोविनाम चैंपियनशिप में करेंगे देश का प्रतिनिधित्व!
समाचार प्लस लाइव:उत्तराखंड | ऊधम सिंह नगर | उत्तराखंड के पांच खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में 24 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली 6वीं एशियन वोविनाम चैंपियनशिप में प्रदेश के पांच खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा बनकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवा किसी से कम नहीं हैं। वे पूरी ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी कंबोडिया से स्वर्ण पदक लेकर लौटेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत एवं महासचिव विनोद लखेरा ने बताया कि भारतीय टीम में उत्तराखंड के पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें ऊधम सिंह नगर की बबीता अधिकारी, तेजस्विनी और हर्षित कुमार, नैनीताल के सागर सिंह अधिकारी तथा हरिद्वार के अजय शर्मा शामिल हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी और वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषिपाल भारती सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
