
रुद्रपुर में स्क्रैप गोदाम में भीषण आग, 10 दमकल वाहनों ने घंटों बाद पाया काबू

रुद्रपुर। गुरुवार सुबह अशोक लेलैंड कंपनी के समीप ग्राम जयनगर छतरपुर मार्ग स्थित एक स्क्रैप गोदाम में भीषण आग लगने से करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयावह थी कि आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और आसपास के क्षेत्र में अंधेरा जैसा माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के भवनों और फैक्ट्रियों को भी खाली कराया गया।
जानकारी के अनुसार ओमेक्स कॉलोनी निवासी कमल अरोरा का सुप्रीम इंटरप्राइजेज के नाम से इंडस्ट्रियल स्क्रैप का गोदाम है। गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कर्मचारियों ने गोदाम से धुआं निकलने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि गोदाम में आग तेजी से फैल चुकी थी और ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और विभिन्न कंपनियों के अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे। आग की विकरालता को देखते हुए करीब 10 फायर ब्रिगेड वाहनों को लगाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गोदाम स्वामी कमल अरोरा ने बताया कि आग में प्लास्टिक सामग्री, लोहा, ड्रम, गत्ता समेत भारी मात्रा में रखा इंडस्ट्रियल स्क्रैप जल गया। इसके अलावा गोदाम में बना कार्यालय भी पूरी तरह खाक हो गया, जिसमें जरूरी दस्तावेज, कंप्यूटर, एसी, फर्नीचर और सीसीटीवी सिस्टम मौजूद थे। आग की चपेट में आकर दो मोटरसाइकिलें भी जल गईं।
प्राथमिक आशंका शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह मान रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। गोदाम मालिक के मुताबिक इस अग्निकांड में एक करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका है।
मौके पर समाजसेवी और पूर्व विधायक समेत कई लोग पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

