
रुद्रपुर में NEET पेपर लीक को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का फूंका पुतला

रुद्रपुर। नीट यूजी 2026 परीक्षा में सामने आई कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और अव्यवस्थाओं को लेकर रुद्रपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व विधायक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीडी चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन करते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा में भारी लापरवाही और अव्यवस्थाएं देखने को मिली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पेपर लीक होने से देश की शिक्षा व्यवस्था की साख प्रभावित हो रही है और छात्रों का भविष्य संकट में पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में पेपर लीक की घटनाओं के बाद परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन दो वर्ष बाद भी हालात नहीं बदले।
ठुकराल ने कहा कि उच्च स्तरीय समिति द्वारा परीक्षाओं को कंप्यूटर आधारित कराने की सिफारिश की गई थी, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही और समन्वय की कमी के कारण व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू नहीं हो सकी।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के पास मजबूत प्रशासनिक तंत्र होने के बावजूद लगातार पेपर लीक की घटनाएं होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों में सक्रिय माफिया सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से पेपर लीक नेटवर्क चला रहे हैं। ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो सके।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

