
अग्रसेन चौक से हटेगा मजदूर अड्डा, अब नगर निगम के पास जुटेंगे श्रमिक

रुद्रपुर। शहर के व्यस्ततम अग्रसेन चौक पर वर्षों से संचालित हो रहा मजदूर अड्डा अब दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। यातायात व्यवस्था प्रभावित होने और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम प्रशासन ने श्रमिक अड्डे को अग्रसेन चौक से हटाकर नगर निगम के पास स्थित खाली भूखंड में अस्थाई रूप से स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।
गुरुवार को महापौर ने एसडीएम , सीओ और नगर निगम व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ अग्रसेन चौक स्थित श्रमिक अड्डे का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों, श्रमिकों और आसपास के लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
बताया गया कि सुबह से दोपहर तक अग्रसेन चौक पर मजदूरों की भीड़ के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय व्यापारियों ने भी जनहित में श्रमिक अड्डे को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की थी।
महापौर विकास शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फिलहाल नगर निगम के पास हाईवे किनारे स्थित खाली भूखंड पर अस्थाई श्रमिक अड्डा बनाया जाए। यहां श्रमिकों के लिए शेड, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि उन्हें किसी तरह की दिक्कत न हो।
नगर निगम द्वारा श्रमिकों का सत्यापन अभियान भी चलाया जाएगा। सभी श्रमिकों को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सकेगी। साथ ही श्रम विभाग के समन्वय से श्रमिकों के श्रम कार्ड भी बनवाए जाएंगे ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
महापौर ने कहा कि भविष्य में शहर में एक संयुक्त और सुव्यवस्थित श्रमिक अड्डा विकसित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

