
मां बेटी का इलाज कराने गई थी सुशीला तिवारी अस्पताल, पीछे दो भाइयों में हुआ बवाल, घर में लगा दी आग

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के गोविंद नगर गली नंबर 10 में दो भाइयों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई ने गुस्से में घर में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार विमला देवी अपनी बेटी का इलाज कराने हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल गई हुई थीं। इसी दौरान घर पर मौजूद दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पहले घर के एक कमरे में जमकर तोड़फोड़ हुई और बाद में एक भाई ने बाहर वाले कमरे में रखे सामान में आग लगा दी।
आग लगते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस और फायर स्टेशन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।
फायर कर्मियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती गली की संकरी सड़क रही, जहां फायर ब्रिगेड की गाड़ी अंदर तक नहीं पहुंच सकी। इसके बावजूद फायर कर्मियों ने पैदल मौके तक पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बड़ा हादसा होने से बचा लिया।
आग बुझाने वाली टीम में लीडिंग फायरमैन चंद्र प्रकाश, एफएम ड्राइवर नरेश कुमार, एफएम नवल प्रभात, एफडब्ल्यू गंगोत्री, सरिता और गौरी शामिल रहे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

