जिला अस्पताल में कत्ल… 12 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार! पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली, 24 घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार!
रुद्रपुर के जिला अस्पताल में दिनदहाड़े हुए नितेश उर्फ राज जौहरी हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन! जिस अस्पताल परिसर में जिंदगी बचाने की कोशिश होती है, वहीं खूनी वारदात को अंजाम दिया गया। नितेश की हत्या के बाद परिवार इंसाफ की मांग पर अड़ा था। पुलिस ने पांच विशेष टीमें गठित कीं और कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। बरेली के इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस उसे लेकर लौट रही थी, तभी पुलभट्टा क्षेत्र में उसने भागने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई! पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार और टी-शर्ट भी बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

