
काशीपुर को मिली 25.19 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने किया शिलान्यास व लोकार्पण
काशीपुर/खटीमा। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से काशीपुर में 25.19 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार काशीपुर के समग्र विकास और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए तेजी से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से आठ प्रमुख चौराहों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया जा रहा है। प्रथम चरण में स्टेडियम तिराहे को “ननकाना साहिब चौक” के रूप में विकसित करने के लिए 3.35 करोड़ रुपये तथा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 4.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा 16.81 करोड़ रुपये की लागत से काशीपुर-रामनगर मार्ग (एनएच-309) के मरम्मत एवं निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया। वहीं काशीपुर स्टेडियम में 24 लाख रुपये की लागत से बने आधुनिक ओपन जिम और उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय में 49.24 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्री-फैब्रिकेटेड भवन का लोकार्पण भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देशभर में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में राज्य सरकार सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और शहरी विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने बताया कि काशीपुर में 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही काशीपुर-रामनगर राजमार्ग को फोरलेन बनाने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है तथा तीन किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर के ड्रेनेज सिस्टम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मास्टर प्लान पर कार्य चल रहा है। लगभग 1950 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
