
हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आने से मासूम बच्ची की मौत, क्षेत्र में आक्रोश
हल्द्वानी। शहर के शनिबाजार रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम बच्ची की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक संख्या UK 04 CC 5999 की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने ट्रक चालक को सुरक्षित हिरासत में लेकर पुलिस वाहन के माध्यम से मौके से हटाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
