
ऊपर असली… नीचे नकली! 4.54 करोड़ के फर्जी नोटों के साथ दो शातिर गिरफ्तार, ऊधमसिंहनगर पुलिस का बड़ा खुलासा
गदरपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नकली नोटों के बड़े खेल का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 4 करोड़ 54 लाख रुपये के असली और नकली नोट बरामद किए हैं। कई गड्डियों में ऊपर असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे “Children Bank of India” लिखे नकली नोट रखकर लोगों को ठगने की तैयारी की जा रही थी।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” संकल्प को धरातल पर उतारते हुए जिले में आर्थिक अपराध, नकली नोट, नशा और संगठित अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारी दबिश
जानकारी के अनुसार गदरपुर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड पर पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में असली और नकली नोट बरामद हुए।
ऊपर असली नोट, नीचे नकली नोट
बरामद नोटों की जांच में पुलिस भी हैरान रह गई। कई गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे “Children Bank of India” अंकित नकली नोट रखे गए थे, ताकि आम लोगों को आसानी से धोखा दिया जा सके।
प्रारंभिक जांच में मामला बड़े स्तर पर नकली नोटों को बाजार में खपाने और आर्थिक अपराध से जुड़ा सामने आ रहा है।
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने इस मामले में कोतवाली गदरपुर में मु0 FIR संख्या 141/2026 के तहत धारा 179/180/3(5) BNS में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए, इनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और किन क्षेत्रों में इन्हें खपाने की तैयारी थी।
गिरफ्तार आरोपी
1. मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी केशव नगर वार्ड नं. 06 थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर, उम्र 24 वर्ष।
2. मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा गूलरभोज थाना गदरपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर, उम्र 41 वर्ष।
बरामदगी
– 18 गड्डी 500 रुपये के नकली नोट
– 20 गड्डी जिनमें ऊपर असली और नीचे नकली नोट
– 22 गड्डी “Children Bank of India” अंकित नकली नोट
– 12 गड्डी ऊपर असली और नीचे नकली नोट
– 15 गड्डी मुख्य नोट असली और नीचे नकली नोट
– एक काला-सफेद धारीदार बैग, जिसमें 157 गड्डी नकली नोट बरामद
– कुल बरामदगी लगभग 4 करोड़ 54 लाख रुपये
एसएसपी अजय गणपति का सख्त संदेश
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में आर्थिक अपराध, नकली नोट, नशा और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी सतर्कता और पेशेवर दक्षता के साथ अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
– SHO भूपेन्द्र सिंह बृजवाल, कोतवाली गदरपुर
– उ0नि0 सुरेन्द्र सिंह खड़ायत, प्रभारी चौकी बन्नाखेड़ा
– उ0नि0 मुकेश मिश्रा, प्रभारी चौकी महतोष
– हेड कांस्टेबल जगवीर सिंह
– कांस्टेबल लक्ष्मण कुमार
– कांस्टेबल रघुवर सिंह
– कांस्टेबल अमित देवरानी
