
नागथात महोत्सव में पहुंचे पुष्कर सिंह धामी, विकास की कई बड़ी घोषणाएं

नागथात में आयोजित जौनसार बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, संरक्षण और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 128 जनजातीय गांवों को चिन्हित कर उनके समग्र विकास के लिए विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं। साथ ही नई खेल नीति के माध्यम से युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभाओं को निखारने का काम किया जा रहा है।

इस दौरान धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों ने जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक के रूप में देखा, जबकि वर्तमान सरकार उन्हें शिक्षा, खेल, रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
