
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकसित भारत रोजगार योजना के लाभार्थियों को किया सम्मानित
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम में लाभार्थी नियोक्ताओं और कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना युवाओं के लिए रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि योजना की दूसरी किस्त के तहत उत्तराखंड में लगभग 6 हजार कर्मचारियों और 900 से अधिक नियोक्ताओं को 24 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को 15 हजार रुपये तक की सहायता राशि दी जा रही है, जबकि अतिरिक्त रोजगार देने वाले संस्थानों को चार वर्षों तक प्रति कर्मचारी प्रतिमाह 3 हजार रुपये तक का प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। नई स्टार्टअप नीति, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।
धामी ने कहा कि राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2023 में आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के माध्यम से प्राप्त निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने का कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
