
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष के साथ राज्य की रेल परियोजनाओं और कुंभ तैयारियों पर की चर्चा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना के विस्तार, निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं और भविष्य की रेलवे आवश्यकताओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने राज्य में रेल संपर्क को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बेहतर रेलवे नेटवर्क से पर्यटन, व्यापार और स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। बैठक में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई तथा टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को आगे बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में आगामी कुंभ मेला और कांवड़ मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए रेलवे व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन, ऋषिकेश रेलवे स्टेशन और रुड़की रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, भीड़ प्रबंधन और आधुनिक सुविधाओं के विकास की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय के साथ समन्वय बनाकर रेल परियोजनाओं को गति देने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में राज्य के समग्र विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी चर्चा की गई।
