रुद्रपुर में लापता बालक का सुराग न मिलने पर परिजनों का पुलिस चौकी घेराव, शीघ्र बरामदगी की मांग

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर में लापता बालक का सुराग न मिलने पर परिजनों का पुलिस चौकी घेराव, शीघ्र बरामदगी की मांग

रुद्रपुर। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए एक बालक का अब तक कोई सुराग न लगने से नाराज परिजनों और क्षेत्रवासियों ने रविवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ पुलिस चौकी पहुंचकर घेराव किया। उन्होंने पुलिस से बालक की जल्द से जल्द तलाश कर उसे सकुशल बरामद करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार रम्पुरा वार्ड संख्या-21 निवासी जगदीश राठौर का पुत्र शिव उर्फ पल्लू शनिवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई और उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

परिजनों का कहना है कि बालक के लापता होने के पीछे किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पुलिस चौकी पहुंचे और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले को गंभीरता से लेने और बालक की शीघ्र तलाश सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बच्चों के लापता होने के मामलों में पुलिस को तत्काल सभी आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि बच्चे की सुरक्षित बरामदगी हो सके और परिजनों की चिंता दूर हो।

घेराव के दौरान मीना, रामगोपाल राठौर, राहुल, धर्मेंद्र, राजू, करण, रितेश, पुष्पा देवी, आकाश, विद्या देवी, चमेली देवी, रमेश, सतीश, बबलू, महेश, पूजा, कुंवर पाल और कांति देवी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि बालक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *