भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण करने चम्पावत पहुंचीं आईजी कुमाऊं, सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की

भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण करने चम्पावत पहुंचीं आईजी कुमाऊं, सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की

चम्पावत। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती ने जनपद चम्पावत का भ्रमण कर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बनबसा सीमा क्षेत्र में तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली का जायजा लेने के साथ ही जनपद के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आईजी ने सबसे पहले बनबसा स्थित भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण करते हुए सीमा पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता, सुरक्षा प्रबंधों और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने, प्रभावी निगरानी बनाए रखने तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सीमा सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए।

इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद प्रभारी एवं सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान, यातायात प्रबंधन तथा लंबित विवेचनाओं सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

आईजी ने अधिकारियों को जनहित और प्रभावी पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि अपराधों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण खुलासा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा को और मजबूत करने, साइबर अपराधों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार और प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जनता के साथ बेहतर संवाद, शिकायतों का त्वरित निस्तारण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।