सेवा सप्ताह के तहत अंडर-15 बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन, विधायक शिव अरोरा ने विजेताओं को किया सम्मानित

सेवा सप्ताह के तहत अंडर-15 बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन, विधायक शिव अरोरा ने विजेताओं को किया सम्मानित

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्वाचित मुख्यमंत्री के रूप में पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा सप्ताह के तहत मनोज सरकार स्टेडियम में आयोजित अंडर-15 बालक एवं बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन हुआ। समापन समारोह में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता के बालक एकल वर्ग में प्रबल कार्की ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि मनीष रावत उपविजेता रहे। बालिका एकल वर्ग में एंजल सिंह विजेता और सिद्धि उपविजेता रहीं। वहीं ओपन बालिका सिंगल वर्ग में मानसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि माही रावत उपविजेता रहीं। विधायक ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ अनुशासन और आत्मविश्वास का भी माध्यम हैं।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे उत्तराखंड में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर सेवा सप्ताह के तहत विभिन्न जनहित और खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पांच वर्षों का कार्यकाल जनकल्याण, सुशासन और प्रदेश के समग्र विकास को समर्पित रहा है। उनके नेतृत्व में राज्य में आधारभूत विकास कार्यों के साथ-साथ युवाओं, महिलाओं और खिलाड़ियों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने कई महत्वपूर्ण और साहसिक निर्णय लेकर उत्तराखंड की राजनीति और प्रशासन में नई कार्यशैली स्थापित की है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास के साथ-साथ कानून व्यवस्था को मजबूत करना और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण को सुनिश्चित करना है। सेवा सप्ताह के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

समारोह में जिला खेल अधिकारी जानकी के अलावा विक्रम, सुदेश, प्रभात, विपिन, रोबिन, सुभाष कुमार सहित अनेक खेल प्रेमी, अभिभावक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।