उत्तराखंड में हवाई संपर्क को मिली नई मजबूती, 7 हेलीपोर्ट और 118 हेलीपैड से पर्यटन व आपदा प्रबंधन को बढ़ावा: मुख्यमंत्री
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार के सतत प्रयासों से उत्तराखंड में हवाई संपर्क व्यवस्था को अभूतपूर्व मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हेलीपोर्ट की संख्या बढ़कर 7 और हेलीपैड की संख्या 118 हो गई है, जिससे पर्यटन, तीर्थाटन और आम नागरिकों की आवाजाही को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए हवाई संपर्क का विस्तार विकास के साथ-साथ सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। हेलीपोर्ट और हेलीपैड नेटवर्क के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच आसान हुई है, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस विस्तारित हवाई नेटवर्क का लाभ केवल पर्यटन और आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को भी अधिक त्वरित, प्रभावी और सुगम बनाया जा रहा है। इससे प्रभावित क्षेत्रों तक राहत सामग्री, चिकित्सा सहायता और बचाव दलों को कम समय में पहुंचाना संभव हो रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में आधुनिक और सुदृढ़ हवाई संपर्क व्यवस्था विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उनका कहना है कि इससे प्रदेश के समग्र विकास, पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने और आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
