मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समावेशी शिक्षा मिशन-2030 के तहत पुस्तकों का किया लोकार्पण
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून में समावेशी शिक्षा मिशन-2030 के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं समावेशी शिक्षण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई पुस्तकों का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण एवं समान शिक्षा पहुंचाना है। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने के लिए समावेशी शिक्षा को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन पुस्तकों से शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड नई शिक्षा नीति (NEP-2020) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना। राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, नवाचारयुक्त और समावेशी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, विशेषज्ञ तथा अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। इस दौरान समावेशी शिक्षा को मजबूत करने और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया गया।
