कॉर्बेट में गश्त के दौरान वनकर्मी पर बाघ का हमला, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

कॉर्बेट में गश्त के दौरान वनकर्मी पर बाघ का हमला, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के सर्पदुली रेंज में गश्त से लौट रहे एक दैनिक श्रमिक पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। हमले में वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ मौजूद वनकर्मियों की सूझबूझ से बाघ को मौके से खदेड़ा गया, जिसके बाद घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, गश्ती दल सर्पदुली रेस्ट हाउस के समीप पहुंच ही रहा था कि पहले से घात लगाए बैठे बाघ ने दैनिक श्रमिक पीताम्बर पर अचानक हमला कर दिया। बाघ के हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ चल रहे वनकर्मियों ने शोर मचाते हुए लाठियां फटकारीं, जिससे बाघ जंगल की ओर भाग गया।

घायल पीताम्बर को तत्काल रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। विभाग द्वारा पूरे मामले की जांच के साथ ही क्षेत्र में गश्त और सतर्कता बढ़ा दी गई है।