राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में देहरादून में कांग्रेस का प्रदर्शन, लोक भवन कूच के दौरान पुलिस ने रोका

राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में देहरादून में कांग्रेस का प्रदर्शन, लोक भवन कूच के दौरान पुलिस ने रोका

देहरादून। दिल्ली में छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को उत्तराखंड कांग्रेस ने देहरादून में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता लोक भवन कूच के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।

बैरिकेडिंग पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की गई। उनका कहना है कि राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जबकि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का अधिकार है। वहीं यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी ने कहा कि छात्रों की मांगों को सुनने के बजाय सरकार दमनात्मक रवैया अपना रही है और शिक्षा मंत्री को नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।

प्रदर्शन के मद्देनज़र पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। देर शाम प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।