मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी: हर्रावाला रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण उत्तराखंड के विकास को देगा नई गति
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड में आधुनिक एवं सुदृढ़ आधारभूत संरचना का निरंतर विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत हर्रावाला रेलवे स्टेशन का अत्याधुनिक स्वरूप प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी, विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं और समग्र विकास को नई गति प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास उत्तराखंड के रेल नेटवर्क को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ प्रदेश आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखंड में तेजी से साकार हो रहे विकसित और सशक्त इंफ्रास्ट्रक्चर का जीवंत उदाहरण बनेगा। स्टेशन के आधुनिकीकरण से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार और पर्यटन के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड में सड़क, रेल, हवाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्य प्रदेश की प्रगति को नई दिशा देंगे और उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेंगे।
