उत्तराखंड में ग्रामीण सड़कों को मिलेगी रफ्तार! ₹2,708 करोड़ के प्रस्तावों पर सहमति, 610 बसावटों को जोड़ने का लक्ष्य

उत्तराखंड में ग्रामीण सड़कों को मिलेगी रफ्तार! ₹2,708 करोड़ के प्रस्तावों पर सहमति, 610 बसावटों को जोड़ने का लक्ष्य

 

देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड में ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के तहत राज्य में सड़क और सेतु निर्माण के प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

 

मुख्यमंत्री के अनुसार, 315 मोटर मार्गों के निर्माण के लिए ₹2,526 करोड़ और 32 सेतुओं के लिए ₹182 करोड़ के प्रस्ताव रखे गए हैं। कुल ₹2,708 करोड़ की इन परियोजनाओं से प्रदेश की 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने का लक्ष्य है।

 

213 अतिरिक्त सड़कों के प्रस्तावों पर भी चर्चा

 

बैठक में 1,360 किलोमीटर लंबाई वाली 213 अतिरिक्त सड़क परियोजनाओं के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने इन प्रस्तावों पर शीघ्र स्वीकृति के लिए विचार करने का आश्वासन दिया।

 

दूरस्थ गांवों को मिलेगा लाभ

 

प्रस्तावित परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन आसान होने, ग्रामीणों की स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं तक पहुंच बेहतर होने और किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाने के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।