हरिदासपुर में दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ, विधायक शिव अरोरा ने मां दुर्गा के चरणों में नवाया शीश
ऊधम सिंह नगर के हरिदासपुर में श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव का रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
भव्य रूप से सजाए गए पूजा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि नवरात्रि के दौरान रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की धूम है। रामलीला, माता के जागरण और दुर्गा पूजा महोत्सव के माध्यम से श्रद्धालु आस्था और उत्साह के साथ पर्व मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा महोत्सव भारतीय संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने मां दुर्गा से सभी परिवारों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में गदरपुर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, अनादखेड़ा प्रधान राजकुमार चौधरी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश बजाज, मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास सहित दुर्गा पूजा कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
