दिनेशपुर में पुलिस मुठभेड़! अवैध असलहों की खेप के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, 8 तमंचे बरामद
ऊधम सिंह नगर के दिनेशपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश से अवैध तमंचों की खेप लेकर आ रहे बाइक सवार दो आरोपियों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात करीब दो बजे SOG रुद्रपुर और दिनेशपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम महतोष-मकरंदपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर आ रहे दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और बाइक छोड़कर गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मनोज कुमार घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
8 तमंचे और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात देशी तमंचे .315 बोर, एक तमंचा .32 बोर, .315 बोर के आठ जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है।
5 हजार में खरीदकर 8 हजार में बेचने की थी योजना
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली निवासी महावीर से तमंचे लेकर आए थे। उन्हें प्रति तमंचा 5 हजार रुपये में खरीदकर 8 हजार रुपये में बेचने की योजना थी। पूछताछ में रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी बंटी कोली के संपर्क में होने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, बंटी कोली फिलहाल जेल में बंद है।
दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय मनोज कुमार और 20 वर्षीय अनमोल यादव के रूप में हुई है। दोनों रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के चंदायन गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, मनोज का पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है।
इस मामले में दिनेशपुर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब अवैध हथियारों की सप्लाई चेन, संभावित खरीदारों और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर SOG रुद्रपुर और दिनेशपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
