रुद्रपुर में दबंगों का तांडव : युवक को बेरहमी से पीटा, सड़कों पर चली गोलियां — बाल-बाल बचे कई लोग, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर में दबंगों का तांडव : युवक को बेरहमी से पीटा, सड़कों पर चली गोलियां — बाल-बाल बचे कई लोग, वीडियो वायरल

 

रुद्रपुर।ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर कॉलोनी में शनिवार रात उस समय दहशत फैल गई, जब मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला फायरिंग और मारपीट तक पहुंच गया।

 

जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी संतोष राठौर और मनोज राठौर के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान मनोज ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ देर बाद रेशमबाड़ी क्षेत्र से करीब डेढ़ दर्जन युवक हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और आते ही संतोष पर लाठियों और तमंचों से हमला बोल दिया।

 

संतोष को बचाने आई उसकी बहन से भी दबंगों ने धक्का-मुक्की और हाथापाई की। इस दौरान एक हमलावर ने संतोष की कनपटी पर तमंचा रखकर फायर किया, लेकिन गोलियां मिस हो गईं, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं, जब एक युवक ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो दबंगों ने उस पर भी गोली चला दी। गोली घर के गेट से टकराई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

 

देखते ही देखते इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज से पूरा मोहल्ला दहशत में आ गया और लोग घरों में दुबक गए।

 

सूचना पर ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को मौके से हिरासत में लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली कारतूस बरामद किए हैं और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

 

पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों ने संतोष को जान से मारने की धमकी दी है। मामला वायरल वीडियो के आधार पर दर्ज किया गया है और पुलिस वीडियो में नजर आ रहे सभी बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी अभियान चला रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *