घर से भागीं तीन सहेलियां — एक प्रेमी संग पहुंची हिमाचल, दूसरी निकली रुद्रपुर; तीसरी ने तोड़ दिए दोनों के सारे सपने
बरेली।यूपी के बारादरी थाना क्षेत्र से तीन दिन पहले एक साथ लापता हुई तीन किशोरियों की कहानी किसी फिल्मी प्लॉट से कम नहीं है। तीनों सहेलियां कपड़े खरीदने के बहाने घर से निकलीं और फिर लापता हो गईं। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज किया, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज के सहारे एक किशोरी को अमरोहा से बरामद किया गया, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
जांच में सामने आया है कि एक किशोरी अपने प्रेमी संग हिमाचल प्रदेश के सोलन चली गई, जबकि दूसरी के रुद्रपुर में होने के संकेत मिले हैं।
कपड़े खरीदने निकलीं, लेकिन पहुंच गईं अलग-अलग राज्यों में
थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि 29 अक्तूबर को तीनों किशोरियां (उम्र करीब 17 वर्ष) घर से कपड़े खरीदने की बात कहकर निकली थीं। शाम तक नहीं लौटीं तो परिजनों ने तलाश शुरू की, पर जब सुराग नहीं मिला तो दूसरे दिन पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
सीसीटीवी फुटेज में तीनों को सेटेलाइट बस अड्डे से दिल्ली की बस में बैठते हुए देखा गया। पुलिस ने जांच बढ़ाई तो शनिवार शाम अमरोहा के गजरौला से एक किशोरी बरामद हो गई।
प्रेमी से शादी के लिए हिमाचल निकली थी किशोरी
पुलिस के अनुसार, बरामद किशोरी ने बताया कि तीनों को उसी सहेली ने घर से भागने के लिए उकसाया था, जो पहले हिमाचल प्रदेश में एक दवा कंपनी में काम करती थी। वहां उसकी एक युवक से मुलाकात और फिर प्रेम संबंध बने। परिवार ने जब विरोध किया तो उसने दो सहेलियों को कहा
घर वाले हमारी भावनाओं को नहीं समझेंगे, चलो बाहर चलकर नौकरी करेंगे और अपनी मर्जी से शादी करेंगे।”
इसके बाद तीनों गजरौला पहुंचीं, जहां उसका प्रेमी भी मौजूद था। दो दिन वहीं रुकने के बाद वह अपने प्रेमी के साथ हिमाचल निकल गई।
रुद्रपुर में दूसरी किशोरी की तलाश
बरामद किशोरी ने बताया कि उनकी तीसरी सहेली अपने प्रेमी के बुलाने पर बरेली लौटी, और नरियावल तक उसकी लोकेशन ट्रेस हुई है। जांच में पता चला कि उसका प्रेमी रुद्रपुर की एक फैक्ट्री में काम करता है, इसलिए पुलिस टीम वहां रवाना हो गई है।
एक मिली, दो की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि तीनों सहेलियां अपनी मर्जी से घर से निकली थीं। एक को बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरी के हिमाचल और तीसरी के रुद्रपुर में होने की पुष्टि हुई है। दोनों को जल्द ही बरामद कर किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
