भाजपा चलाएगी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान, 3 नवंबर को रुद्रपुर में पदयात्रा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले—जनादेश का सम्मान करना लोकतंत्र की पहचान
उत्तराखंड | ऊधम सिंह नगर | रुद्रपुर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की घोषणा की। उन्होंने बताया कि भाजपा प्रदेशभर में 22 अक्टूबर से 30 नवंबर तक दो चरणों में यह अभियान चलाएगी। अभियान के तहत प्रदेश के सभी 13 जनपदों में पदयात्राओं और जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में 3 नवंबर को पदयात्रा निकाली जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है। चुनाव में हार मिलने के बाद संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाना कांग्रेस की आदत बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी चुनावी विफलताओं का आत्ममंथन करने के बजाय भ्रामक प्रचार के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
दो चरणों में चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री के अनुसार, अभियान का पहला चरण 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक और दूसरा चरण 11 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगा। प्रथम चरण में 31 अक्टूबर को श्रीनगर गढ़वाल, 2 नवंबर को देहरादून और 3 नवंबर को रुद्रपुर में पदयात्रा आयोजित की जाएगी। देहरादून की पदयात्रा में दस हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है। अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर लोकतांत्रिक मूल्यों, केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
युवाओं को लेकर कांग्रेस पर लगाए आरोप
धामी ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक शक्तियां युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें टकराव और अराजकता की ओर धकेलने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा शिक्षा, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता में लगनी चाहिए। भारत में राजनीतिक परिवर्तन का रास्ता संविधान और जनता का जनादेश है, न कि हिंसा और अराजकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कांग्रेस की न्याय यात्रा पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की प्रस्तावित न्याय यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल में किए गए कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह किन मुद्दों पर न्याय दिलाने की बात कर रही है और इसके लिए उसके पास क्या ठोस योजना है।
धामी ने कहा कि विपक्ष को सरकार की आलोचना करने का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए जनादेश का सम्मान और संवैधानिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा आवश्यक है।
वायरल ऑडियो प्रकरण की निष्पक्ष जांच पर जोर
कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह के भाई से जुड़े वायरल ऑडियो प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रकरण की पार्टी स्तर पर भी जांच की जा रही है, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित के साथ खड़ी है और किसी भी मामले में न्याय तथा निष्पक्षता सर्वोपरि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के माध्यम से भाजपा जनता के बीच जाकर तथ्यों के आधार पर संवाद करेगी। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने की बात कही।
