मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिए निर्देश: कम CD Ratio वाले जिलों में लगें नियमित ऋण शिविर, स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों को मिले प्राथमिकता

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिए निर्देश: कम CD Ratio वाले जिलों में लगें नियमित ऋण शिविर, स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों को मिले प्राथमिकता

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) की 97वीं बैठक में अधिकारियों और बैंकिंग संस्थानों को प्रदेश के ऋण-जमा अनुपात (CD Ratio) में वृद्धि के लिए प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन जनपदों में CD Ratio कम है, वहां नियमित रूप से ऋण शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को बैंकिंग सुविधाओं और विभिन्न सरकारी ऋण योजनाओं से जोड़ा जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभागों एवं संबंधित संस्थाओं को पूर्ण जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में अपेक्षित परिणाम सुनिश्चित करने होंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना-2.0, वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना, होम-स्टे योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के तहत पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं, किसानों, कारीगरों और उद्यमियों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके लिए बैंकों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *