एम्स ऋषिकेश में उत्तराखंडवासियों के लिए विशेष काउंटर शुरू, OPD से लेकर बिलिंग तक की सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी

देहरादून/ऋषिकेश। उत्तराखंड के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की पहल के तहत एम्स ऋषिकेश में प्रदेशवासियों के लिए विशेष काउंटर की शुरुआत की गई है। इस काउंटर के माध्यम से मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल की विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए एक ही स्थान पर सहायता उपलब्ध होगी।
विशेष काउंटर पर ओपीडी पंजीकरण (OPD Registration), डिस्चार्ज प्रक्रिया, बिलिंग तथा आईपीडी (IPD) से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विशेष रूप से दूर-दराज़ और पर्वतीय क्षेत्रों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंडवासियों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उनका कहना है कि यह पहल मरीजों को अस्पताल की औपचारिकताओं को सरल बनाने और समय की बचत करने में मदद करेगी।
सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से एम्स ऋषिकेश में इलाज के लिए आने वाले प्रदेश के मरीजों को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच और आसान होगी।
