हरिद्वार में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर संत समाज का महामंथन

हरिद्वार में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर संत समाज का महामंथन

 

हरिद्वार के ज्वालापुर मार्ग स्थित श्रीजी वाटिका में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को लेकर संत समाज की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, योग गुरु स्वामी रामदेव और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी समेत संत समाज और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के पक्ष में विचार रखे गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह व्यवस्था देश को मजबूत करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से देश का समय, संसाधन और धन खर्च होता है। यदि पूरे देश में एक साथ चुनाव होते हैं तो इन संसाधनों का इस्तेमाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं में किया जा सकेगा।

 

सीएम धामी ने कहा कि राष्ट्रहित सबसे ऊपर है और देश को लगातार चुनावी मोड में रखने के बजाय विकास की निरंतर गति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। वहीं स्वामी रामदेव ने कहा कि ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ संविधान की आत्मा के अनुरूप है। इससे देश के संसाधनों की बचत होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधिक धन उपलब्ध कराया जा सकेगा।

 

समागम में वक्ताओं ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अराजकता के जरिए सत्ता हासिल करना चाहते हैं और ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ से डरे हुए हैं। बच्चों को आंदोलनों में नहीं उतारना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है। वंदे मातरम् को लेकर भी कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इसमें किसी देवी-देवता की नहीं, बल्कि भारत माता की वंदना की गई है।

 

कार्यक्रम के दौरान संत समाज के लोगों ने अपने विचार रखे। आयोजन को देखते हुए श्रीजी वाटिका और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।