मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी : उत्तराखंड के युवा फिल्म जगत में बनाएंगे नई पहचान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की उत्तराखंड फिल्म नीति–2024 का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को फिल्म निर्माण और मनोरंजन उद्योग में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में Film and Television Institute of India (FTII) से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके उत्तराखंड के तीन युवाओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रचनात्मक प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सरकार ऐसी प्रतिभाओं को मंच और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि राज्य के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड फिल्म नीति–2024 के माध्यम से राज्य को फिल्म निर्माण और फिल्म शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। नीति के तहत फिल्म शूटिंग को प्रोत्साहन, स्थानीय कलाकारों एवं तकनीशियनों को अवसर, तथा युवाओं के लिए प्रशिक्षण और छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं शुरू की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस पहल से प्रदेश के युवा फिल्म जगत में नई उड़ान भरेंगे। साथ ही, उत्तराखंड में फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें हर संभव सहयोग देने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि उत्तराखंड देश के अग्रणी फिल्म निर्माण एवं फिल्म शिक्षा केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर सके।
