सीए एसोसिएशन ने आईसीएआई भवन के लिए भूमि आवंटन की उठाई मांग, महापौर के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन

ख़बर शेयर करें -

सीए एसोसिएशन ने आईसीएआई भवन के लिए भूमि आवंटन की उठाई मांग, महापौर के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन

 

रुद्रपुर। भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) की हल्द्वानी शाखा के लिए स्थायी भवन निर्माण की मांग को लेकर सीए एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर विकास शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित किया। प्रतिनिधिमंडल ने रुद्रपुर और हल्द्वानी के मध्य लगभग 10 हजार वर्ग फीट भूमि आवंटित किए जाने का अनुरोध किया है, ताकि कुमाऊं क्षेत्र में आईसीएआई का आधुनिक संस्थागत भवन स्थापित किया जा सके।

 

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में आईसीएआई की हल्द्वानी शाखा किराये के भवन से संचालित हो रही है, जिसके कारण बढ़ती गतिविधियों, सदस्यों और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में स्थायी भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।

 

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आईसीएआई देश की एक प्रतिष्ठित वैधानिक संस्था है, जो लेखांकन, लेखा परीक्षा, कराधान, वित्तीय प्रबंधन, कॉर्पोरेट गवर्नेंस और व्यावसायिक नैतिकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। देशभर में इसकी 186 शाखाएं संचालित हैं, जहां विद्यार्थियों और सदस्यों के लिए प्रशिक्षण, सेमिनार, कार्यशालाएं और कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

 

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि उत्तराखंड, विशेषकर कुमाऊं क्षेत्र के युवा चार्टर्ड अकाउंटेंसी और व्यावसायिक शिक्षा के प्रति तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। हालांकि आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के अभाव में कई विद्यार्थियों को राज्य से बाहर जाना पड़ता है। प्रस्तावित भवन बनने से स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च स्तरीय शिक्षा, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध हो सकेगा।

 

प्रस्तावित भवन में प्रशिक्षण कक्ष, सेमिनार हॉल, पुस्तकालय, डिजिटल लर्निंग सेंटर, अध्ययन कक्ष, प्रोफेशनल डेवलपमेंट सेंटर तथा उद्यमियों और उद्योग जगत के लिए परामर्श सुविधाएं विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। संस्था का मानना है कि यह केंद्र कौशल विकास, स्वरोजगार, स्टार्टअप प्रोत्साहन और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

महापौर विकास शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस मांग को प्राथमिकता के साथ मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा और इस दिशा में सकारात्मक पहल का प्रयास किया जाएगा।

 

इस अवसर पर सीए मोहित देव, सीए चेतन खुराना, सीए अंकित, प्रताप सिंह, सीए अभिषेक बठला, सीए मोहित गंभीर, सीए पारस सुराना, सीए विजेंद्र माहेश्वरी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *