अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का सीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, दिए त्वरित राहत और पुनर्वास के निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मसूरी रोड एवं किमाड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। अतिवृष्टि से प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायज़ा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त एवं बंद मार्गों को प्राथमिकता के साथ खोला जाए और लोगों के आवागमन हेतु वैकल्पिक व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाएं।
सीएम धामी ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को सामान्य बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर युद्धस्तर पर कार्य किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित परिवारों को मानकों के अनुसार त्वरित आर्थिक सहायता और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी उपस्थित रहे।
