नन्ही परी हत्याकांड: सुप्रीम कोर्ट से आरोपी बरी, हल्द्वानी में उबाल — फांसी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे लोग, पुलिस से झड़प
हल्द्वानी। साल 2014 में शीशमहल क्षेत्र में हुई नन्ही परी हत्याकांड के आरोपी को सुप्रीम कोर्ट से बरी किए जाने के बाद शहर में जबरदस्त आक्रोश फूट पड़ा। रविवार को सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपी को फांसी देने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
लोक कलाकार श्वेता माहरा, इन्दर आर्य, राकेश खनवाल सहित कई प्रदर्शनकारियों ने बुद्ध पार्क से रैली निकालने का प्रयास किया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड़ गेट कूदकर बाहर निकली और जुलूस की शक्ल में एसडीएम कोर्ट तक पहुंच गई। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प भी हुई।
प्रदर्शन में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी आंदोलनकारियों के साथ मौजूद रहे। कई सामाजिक, राजनीतिक और छात्र संगठनों ने इस आंदोलन को समर्थन दिया। आक्रोशित लोगों का कहना था कि “उत्तराखंड की बेटी के न्याय के साथ खिलवाड़ हुआ है और नन्ही परी के हत्यारे को हर हाल में फांसी मिलनी चाहिए।”
तनावपूर्ण हालात को देखते हुए पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
