जनता से किए हर वादे को पूरा करना प्राथमिकता: महापौर विकास शर्मा
फाजलपुर महरौला में इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क निर्माण का शिलान्यास
रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर द्वारा वार्ड नंबर 25 फाजलपुर महरौला में विकास कार्यों को गति देते हुए नई इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई। विराट मेडिकल स्टोर से देवेंद्र रस्तोगी के घर तक बनने वाली इस सड़क का शिलान्यास महापौर विकास शर्मा ने नारियल फोड़कर व भूमि पूजन कर किया।
इस दौरान क्षेत्रवासियों ने महापौर विकास शर्मा और वार्ड पार्षद प्रियंका गुप्ता का फूल-मालाओं से स्वागत किया और लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण शुरू होने पर आभार जताया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि फाजलपुर महरौला की यह सड़क स्थानीय निवासियों की प्रमुख मांग थी, जिसे अब वास्तविकता में उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय की “ट्रिपल इंजन सरकार” के कारण विकास कार्यों की गति कई गुना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर को स्मार्ट, स्वच्छ और बेहतर यातायात वाला शहर बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता की समस्या को अपनी समस्या मानकर ही यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करा रहा है। सड़कों, नालियों, जल निकासी, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से रुद्रपुर को आदर्श नगर बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्य जमीन पर तेजी से उतर रहे हैं। मुख्यमंत्री का लक्ष्य है कि हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं और आधुनिक जीवन स्तर उपलब्ध हो।
समापन पर वार्ड पार्षद प्रियंका गुप्ता ने महापौर और नगर निगम टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में वार्ड की अन्य समस्याओं का भी चरणबद्ध समाधान कराया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, महामंत्री पारस चुघ, मुकेश पाल, जितेंद्र संधू, संतोष गुप्ता, लाल बच्चन गुप्ता, प्रदीप त्यागी, त्रिलोचन सिंह, प्रवीण तिवारी, एस.के. तिवारी, दीपक सक्सेना, महेश गंगवार, सुमित गंगवार, डी.एन. शर्मा, रणवीर सिंह चौहान सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
