किच्छा मार्ग पर किरायेदार युवती की हत्या, जंगल से मिला शव — मकान मालिक व पुत्र हिरासत में, दूसरा पुत्र फरार
रुद्रपुर/किच्छा। किच्छा मार्ग स्थित रंजीत कॉलोनी में किराए पर रहने वाली मूल रूप से उड़ीसा निवासी 23 वर्षीय युवती सृष्टि शर्मा की हत्या कर उसका शव निकटवर्ती जंगल में फेंक दिया गया। केस सामने आने के बाद पुलिस ने किराए के मकान मालिक और उसके एक पुत्र को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरा पुत्र घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
सीसीटीवी में सामने आया बड़ा सुराग
मामले का खुलासा तब हुआ जब युवती के परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पड़ोसी रंजीत सिंह के घर में लगे सीसीटीवी फुटेज देखे।
फुटेज में सृष्टि अपने कमरे में जाती हुई दिखाई दी, लेकिन उसके बाहर निकलने का कोई फुटेज नहीं मिला।
उसी रात करीब 12 बजे मकान मालिक कामेश्वर सिंह के पुत्र अमित सिंह और सुमित सिंह को संदिग्ध तरीके से मोटरसाइकिल पर ढका हुआ सामान ले जाते हुए कैमरे में देखा गया, जिससे शक और गहरा गया।
परिजनों ने दर्ज कराई तहरीर
बुधवार को गौर सिटी नोएडा निवासी अमृत कुमार ने कोतवाली किच्छा में तहरीर देकर बताया कि सृष्टि लालपुर की रंजीत कॉलोनी में किराए पर रहकर महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी में काम करती थी।
4 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे वह रोज की तरह नौकरी से लौटकर कमरे पर आई, लेकिन इसके बाद वह लापता हो गई।
पुलिस ने मकान मालिक और बेटे को हिरासत में लिया
तहरीर और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मकान मालिक कामेश्वर सिंह और उसके पुत्र अमित सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
जबकि दूसरा पुत्र सुमित सिंह घटना के बाद से ही फरार है।
जंगल से बरामद हुआ युवती का शव
पूछताछ में अहम सुराग मिलने के बाद पुलिस ने निकटवर्ती जंगल से सृष्टि का शव बरामद कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अब हत्या के कारण, वारदात की पूरी टाइमलाइन और दोनों भाइयों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।
हत्या क्यों और कैसे? पुलिस की जांच जारी
समाचार लिखे जाने तक पुलिस कामेश्वर सिंह और उसके पुत्र अमित से लगातार पूछताछ कर रही है और फरार सुमित की तलाश में जुटी हुई है।
जांच में यह भी खंगाला जा रहा है कि युवती की हत्या कैसे की गई और घटना के दौरान व बाद में उसके साथ क्या-क्या हुआ।
