समाचार प्लस LIVE | मानसून से पहले प्रशासन अलर्ट मोड में, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने जारी किए कड़े निर्देश
रुद्रपुर। मानसून से पहले उधम सिंह नगर प्रशासन ने कमर कस ली है। ज़िला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी विभागों को आपदा प्रबंधन मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि अब किसी भी अधिकारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
- 🔹 फोन बंद मिला तो होगी कार्यवाही, सभी अधिकारी रहेंगे मुख्यालय में मौजूद
डीएम ने निर्देश दिए कि मानसून के दौरान कोई भी अधिकारी बिना अनुमति मुख्यालय से बाहर नहीं जाएगा। सभी को 24×7 मोबाइल ऑन रखना अनिवार्य होगा। जो कर्मचारी फोन बंद रखेंगे या कॉल रिसीव नहीं करेंगे, उनके खिलाफ आपदा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
🔹 नालों की सफाई और नदियों की चैनलाइजेशन युद्धस्तर पर
जिलाधिकारी ने नगर निकायों को सभी नालों की द्वितीय चरण की सफाई, और सिंचाई विभाग को नदियों की चैनलाइजेशन व आपदा न्यूनीकरण कार्य जल्द पूरा करने को कहा है। साथ ही, कार्य शुरू करने और पूर्ण होने की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है।
🔹 सड़कें रहेंगी सुरक्षित, जर्जर पेड़ों की होगी छंटाई
वन विभाग को निर्देशित किया गया है कि सड़कों किनारे खतरनाक, पुराने पेड़ों की लॉपिंग व कटाई करें ताकि पेड़ गिरने से यातायात या दुर्घटना की आशंका खत्म हो सके। सड़क महकमों को सड़क सुरक्षा ऑडिट कराने का भी आदेश मिला।
🔹 सभी 29 बाढ़ चौकियां एक्टिव, कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय
जनपद में मौजूद 29 बाढ़ चौकियों को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। कंट्रोल रूम में 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती रहेगी। आपदा से संबंधित किसी भी सूचना के लिए नागरिक टोल फ्री नम्बर 1077 या 05944-250719, 250250, 250222 पर संपर्क कर सकते हैं।
🔹 अस्पतालों में दवाएं व एम्बुलेंस तैयार, राशन-ईंधन का भी इंतज़ाम
स्वास्थ्य विभाग को जलजनित बीमारियों के इलाज के लिए पर्याप्त दवाओं व एंटी वेनम की उपलब्धता, चिकित्सकों समेत एम्बुलेंस की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया। पूर्ति विभाग को खाद्यान्न, गैस व ईंधन का स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
🔹 जर्जर स्कूल भवन होंगे सील, बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि
मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जर्जर विद्यालय भवनों को चिन्हित कर ध्वस्त कराया जाए। जब तक मरम्मत नहीं होती, ऐसे भवनों में पठन-पाठन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
🔹 एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और एसएसबी को अलर्ट रहने के निर्देश
आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व एसएसबी बटालियन को भी पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश मिले। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी यूएस नेगी ने बैठक में पीपीटी के माध्यम से पूर्व आपदाओं और संसाधनों की जानकारी दी।
👥 बैठक में ये अधिकारी रहे शामिल:
मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी, पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त नरेश चन्द्र दुर्गापाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल, एएसपी आरडी मठपाल, एसएसबी के दीपक तोमर, तपस कुमार, एसडीएम कौस्तुभ मिश्र, ओसी गौरव पांडे, एसडीआरएफ इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह, एनटीआरएफ के सुधांशु जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, एसीएमओ डॉ. एसपी सिंह, अधिशासी अभियंता आनंद नेगी, बीएस डांगी, लोनिवि के एसके अग्रवाल, लघु सिंचाई के सुशील कुमार, एनएचएआई के विकास मित्तल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया समेत अन्य अधिकारी बैठक में मौजूद रहे। सभी एसडीएम व ईओ वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
