काशीपुर-बाजपुर में सघन वाहन चेकिंग अभियान, 80 वाहनों पर कार्रवाई, 18 सीज
जनपद उधम सिंह नगर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों के क्रम में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी संदीप वर्मा तथा पुलिस टीमों द्वारा काशीपुर और बाजपुर क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड, बिना नम्बर प्लेट, बिना परमिट और बिना आवश्यक प्रपत्रों के संचालित हो रहे वाहनों की गहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 80 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जबकि गंभीर अनियमितताओं के चलते 18 वाहनों को सीज किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
