शिव कॉरिडोर समेत पांच नई घोषणाओं से बदलेगी रुद्रपुर की तस्वीर: महापौर
रुद्रपुर के विकास को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई नई घोषणाओं को ऐतिहासिक बताते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि ये फैसले शहर की तकदीर बदल देंगे। महापौर ने भरोसा दिलाया कि शिव कॉरिडोर सहित सभी योजनाओं पर जल्द काम शुरू होगा और रुद्रपुर को प्रदेश में नई पहचान मिलेगी।
सोमवार को महापौर विकास शर्मा ने प्रस्तावित शिव कॉरिडोर का हिस्सा बनने जा रहे नीलकंठ धाम में रुद्राभिषेक किया। इसके बाद नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डेय और नगर निगम की टीम के साथ नीलकंठ धाम, शिव मंदिर और गोल्ज्यू मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
पत्रकारों से बातचीत में महापौर ने कहा कि नीलकंठ धाम की भूमि को लेकर उन पर लगाए गए आरोप निराधार साबित हुए हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में छह एकड़ भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है, जिस पर अब शिव कॉरिडोर विकसित होगा।
मुख्यमंत्री द्वारा गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मानसखंड कॉरिडोर के तहत तीन प्रमुख मंदिरों—नीलकंठ धाम, गोल्ज्यू मंदिर और शिव मंदिर—को जोड़ने की घोषणा की गई है। इसके साथ गुरुचांद मंदिर परिसर का भी कायाकल्प होगा। पूरे क्षेत्र को त्रिभुजाकार स्वरूप दिया जाएगा और यहां 51 फुट ऊंची भगवान शिव की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। शिव कॉरिडोर के लिए अलग मार्ग बनाया जाएगा और इसे आस्था व पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
महापौर ने अन्य घोषणाओं का भी उल्लेख किया। खेड़ा क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त भूमि पर पर्यावरण मित्रों के लिए अत्याधुनिक आवास बनाए जाएंगे। भूरारानी रोड और गंगापुर रोड का चौड़ीकरण होगा। अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक मिनी बाईपास बनाया जाएगा। किच्छा रोड पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा, जिसमें बास्केटबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन और इंडोर जिम जैसी सुविधाएं होंगी।
महापौर ने बताया कि नगर में 100.03 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। इनमें नगर निगम कार्यालय पुनर्निर्माण, हॉटमिक्स सड़क कार्य, 52 वार्डों में विकास कार्य, आरोग्य मंदिर, बजाज सखी स्किल सेंटर, निगम बाजार निर्माण, गौशाला, स्ट्रीट लाइट, वेंडिंग जोन, फेश वेस्ट प्लांट, देवभूमि रजत जयंती पार्क, घंटाघर चौक और त्रिशूल चौक निर्माण सहित कई परियोजनाएं शामिल हैं।
पत्रकार वार्ता में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डेय, मंदिर महंत प्रकाश जी, पार्षद सुशील चौहान, चिराग कालरा, हरि अधिकारी, एमपी मौर्या सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
“मुख्यमंत्री की ये घोषणाएं विकास, विरासत और अंत्योदय को साथ लेकर चलने वाली हैं। शिव कॉरिडोर रुद्रपुर की आस्था और पर्यटन की नई पहचान बनेगा।” – विकास शर्मा, महापौर
